Monday, January 13, 2020

पाकिस्तान में बारिश से 26 की मौत; हिमाचल में 18 इंच तक बर्फ गिरी; 434 किमी लंबा श्रीनगर-लेह हाईवे एक महीने से बंद January 13, 2020 at 03:57AM

शिमला/इस्लामाबाद. भारत के उत्तरी राज्यों और पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिम राज्यों में मौसम बिगड़ता जा रहा है। पाकिस्तान के बलूचिस्तान समेत दक्षिण-पश्चिमी राज्यों में भारी बर्फबारी और बारिश के चलते 26 लोगों की जान चली गई। उधर, हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी का दौर जारी है। यहां लाहौल स्पीति में सोमवार को 18 इंच बर्फ गिरी। यहां एडवायजरी जारी की गई है कि यात्रा से पहले लोग मौसम के बारे में पूरी जानकारी ले लें। हिमाचल में काल्पा में 6 इंच, पूह में 2 इंच बर्फबारी हुई। चंबा में 0.5 इंच बारिश हुई और कोठी में 0.3 इंच बारिश दर्ज गई है। सबसे सर्द केलांग रहा। यहां पारा माइनस 6 डिग्री तक पहुंच गया। काल्पा में माइनस 3.3 और मनाली में माइनस 0.8 डिग्री दर्ज किया गया।

शिमला पुलिस ने फेसबुक पर लोगों से अपील की, यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। शिमला पुलिस ने फेसबुक पर लोगों से अपील की कि मौसम विभाग ने 13 जनवरी के लिए ऑरेंज अलर्ट और 16 जनवरी के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यात्रा के समय इसका खासतौर पर ध्यान रखें। पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 112, 1077, 8894728034 और 0177-2812344 जारी किए हैं। ऊंचाई वाले और बर्फीले इलाके में लोगों से न जाने की अपील की गई है।

यूपी का कानपुर और मध्य प्रदेश के दतिया में रात का पारा गिरा, शीत लहर जारी
रात्रि का तापमान झारखंड, प. बंगाल, सिक्किम, मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र, रायलसीमा, कर्नाटक, केरला, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सामान्य से कम दर्ज किया गया। मैदानी राज्यों में सबसे कम तापमान उत्तर प्रदेश के कानपुर में और मध्य प्रदेश के दतिया में दर्ज किया गया। यहां रात के वक्त पारा 5.4 डिग्री तक गिर गया। बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा के कुछ इलाकों में शीत लहर जारी रहेगी। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी बारिश की आशंका जाहिर की गई है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कुछ इलाकों में भारी बारिश के ओला गिरने की आशंका जाहिर की है।

बर्फबारी और भूस्खलन के चलते श्रीनगर-जम्मू हाईवे बंद
देश को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाला जम्मू-श्रीनगर हाईवे भारी बर्फबारी और भूस्खलन के चलते बंद हो गया है। यहां सड़क पर करीब एक फीट तक बर्फ गिरी है। लद्दाख को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाला 434 किमी लंबा श्रीनगर-लेह हाईवे पिछले एक महीने से बंद है। हाईवे पर करीब 5 फीट बर्फ गिरी है और यहां स्थितियां यातायात के लिहाज से ठीक नहीं है। शोपियां, राजौरी, पुंछ, अनंतनाग और किश्तवाड़ को जोड़ने वाली 86 किमी लंबी मुगल रोड पिछले करीब एक महीने बंद है। इसके अप्रैल-मई से पहले खुलने के आसार नहीं हैं।

पाकिस्तान का बलूचिस्तान बर्फबारी-बारिश से बुरी तरह प्रभावित
पाकिस्तान में भारी बारिश और बर्फबारी ने सामान्य जन-जीवन पर बुरा असर डाला है। देश के कई हिस्सों में बर्फबारी और बारिश के चलते पिछले चौबीस घंटों में 26 लोगों की जान गई है। बलूचिस्तान बर्फबारी और बारिश से सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां अलग-अलग घटनाओं में 21 लोगों की जान गई। पंजाब प्रांत में दो बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई। बलूचिस्तान के 7 जिलों में इमरजेंसी का ऐलान किया गया है। अधिकारी हाईअलर्ट पर हैं। बलूचिस्तान के कई हिस्सों में सोमवार को 2.2 इंच तक बारिश हुई। आने वाले दिनों में भी भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका जाहिर की गई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में सोमवार को सीआरपीएफ जवानों ने बर्फबारी का मजा लिया।

No comments:

Post a Comment