Friday, December 13, 2019

127 साल में सबसे ज्यादा 15 भारतीय मूल के लोग सांसद बने, इनमें से तीन पहली बार जीते December 13, 2019 at 01:18AM

लंदन. ब्रिटेन के आम चुनाव में भारतीय मूल के लोगों का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा। कुल 15 भारतवंशी संसदीय चुनाव जीते। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की कंजरवेटिव पार्टी से 7 जबकि उनकी मुख्य विरोधी लेबर पार्टी से भी इतने ही भारतीय मूल के उम्मीदवार चुनाव जीते। एक अन्य लिबरल डेमोक्रेट पार्टी के टिकट पर विजयी रहे। शुक्रवार को घोषित चुनाव परिणामों में हाउस ऑफ कॉमन्स की कुल 650 में से कंजरवेटिव पार्टी को 364 सीटों पर जीत मिल चुकी है। यह बहुमत के आंकड़े (326) से 30 ज्यादा है।

पार्टी का प्रदर्शन फीका लेकिन भारतवंशी आगे
ब्रिटेन में करीब 15 लाख भारतीय मूल के लोग हैं। आम चुनाव के नतीजे सामने आए तो इनकी ताकत का अहसास हुआ। हाउस ऑफ कॉमन्स में अब कुल 15 भारतवंशी सांसद होंगे। लगातार दूसरी बार सत्ता संभालने जा रहे जॉनसन की पार्टी का पलड़ा भारी माना जा रहा था। उनकी पार्टी से 7 भारतवंशी संसद पहुंचेंगे। लेबर पार्टी का प्रदर्शन फीका रहा। लेकिन, इस पार्टी से भी 7 भारतवंशी हाउस ऑफ कॉमन्स में पहुंचेंगे। पिछले सदन में कंजरवेटिव पार्टी से 5 भारतीय सांसद थे। इस चुनाव में तीन भारतवंशी ऐसे हैं जो पहली बार चुनकर आए हैं।

पिछले सदन में कुल 12 भारतवंशी सांसद थे
1892 में फिन्सबरी सेंट्रल से भारतीय मूल के दादाभाई नौरोजी पहली बार सांसद बने थे। अब 127 साल बाद भारतवंशी सांसदों का आंकड़ा 15 हो गया है। पिछले चुनाव में यह आंकड़ा 12 था। कंजरवेटिव पार्टी से दो भारतवंशी पहली बार सांसद बने। ये हैं- गगन मोहिंद्रा (हर्टफोरशायर साउथ वेस्ट) और क्लेयर कुटिन्हो (सरे ईस्ट)। इस पार्टी से पांच सांसद दोबारा जीते। ये हैं- प्रीति पटेल (विटहैम), आलोक शर्मा (रीडिंग वेस्ट), शैलेष वारा (कैम्ब्रिजशायर नॉर्थ ईस्ट), सुएला ब्रेवरमैन (फेयरहैम) और ऋषि सुनाक (रिचमंड यॉर्कशायर)।

तीन चेहरे फिर अहम पद संभाल सकते हैं
जॉनसन की पिछली सरकार में प्रीति पटेल गृह सचिव थीं। उनके अलावा आलोक शर्मा के पास अंतरराष्ट्रीय विकास जैसा अहम मंत्रालय था। सुनाक राजस्व विभाग में मुख्य सचिव थे। लेबर पार्टी से नवेंदु मिश्रा पहली बार चुनाव जीते। वो स्टॉकपोर्ट से चुने गए हैं। इसके अलावा छह सांसद पुन: इस पार्टी से विजयी हुए। ये हैं- वीरेंद्र शर्मा (एलिंग साउथहॉल), तनमनजीत सिंह धेसी (स्लोघ), सीमा मल्होत्रा (फेल्थहैम एवं हेस्टन), प्रीत कौर गिल (बर्मिंघम एजबेस्टन), लिसा नंदी (विगॉन) और वेलेरी वाज (वॉल्सल साउथ)। लिबरल डेमोक्रेट्स से मुनीरा विल्सन जीतीं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
प्रीति पटेल लगातार दूसरी बार कंजरवेटिव पार्टी के टिकट पर चुनाव जीती हैं। (फाइल)

No comments:

Post a Comment