Thursday, August 6, 2020

एके-47 से लैस तीन युवा फ्लोरिडा में डोनाल्ड ट्रम्प के रिसॉर्ट में घुसे; 2 बार चीनी नागरिक यहां गिरफ्तार हो चुके हैं August 06, 2020 at 08:08PM

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के फ्लोरिडा स्थित रिसॉर्ट में शुक्रवार को तीन युवा घुस गए। इनके पास सेमीऑटोमैटिक एके-47 रायफल थी। यह लोडेड थी। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया है। ट्रम्प का यह आलीशान रिसॉर्ट फोर्ट लाउडेरडेल में है। इसका नाम मार-ए-लेगो है।
यह पहली बार नहीं है जब मार-ए-लेगो में घुसपैठ हुई हो। जब से ट्रम्प राष्ट्रपति बने हैं तब से चार बार इस रिसॉर्ट की सुरक्षा में सेंध लगी है। दो बार तो चीन के नागरिक गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

इस बार क्या हुआ
पॉम बीच पुलिस के प्रवक्ता ने कहा- पुलिस से बचने की कोशिश में तीन युवाओं ने मार-ए-लेगो रिसॉर्ट की दीवार फांदी। वे गार्डन तक पहुंच गए। कुछ देर बाद पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक युवक के पास बैग था। इसमें सेमीऑटोमैटिक एके-47 रायफल और 14 राउंड मैगजीन बरामद हुईं। हमें लगता है कि इन लड़कों को ये नहीं मालूम था कि ये राष्ट्रपति का रिसॉर्ट है। आगे जांच कर रहे हैं। अच्छी बात ये है कि ट्रम्प और उनका परिवार यहां नहीं था।

पुलिस ने 3 किलोमीटर पीछा किया था
पुलिस के मुताबिक- शुक्रवार सुबह मार-ए-लेगो से करीब तीन किलोमीटर दूर एक संदिग्ध कार देखी गई। पुलिस जैसे ही इसके करीब पहुंची तो कार ड्राइवर ने रफ्तार बढ़ा दी। कार मार-ए-लेगो के करीब पहुंची। इसमें से तीन युवक निकले और रिसॉर्ट की तरफ भागे। इसकी दीवार फांदी और गार्डन तक पहुंच गए। हेलिकॉप्टर और स्निफर डॉग की मदद से इन्हें खोजा गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया। इन लोगों ने रायफल खरीदी नहीं बल्कि चोरी की थी।

कैसा है मार-ए-लेगो रिसॉर्ट
बिजनेस इनसाइट वेबसाइट के मुताबिक, मार-ए-लेगो क्लब और रिसॉर्ट 20 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें 128 आलीशान कमरे, हॉल और डायनिंग फेसेलिटीज हैं। 1927 में इसकी ओरिजनल बिल्डिंग तैयार हुई थी। इसके आसपास का क्षेत्र पॉम बीच कहलाता है। करीब ही अटलांटिक महासागर है।

सुरक्षा में सेंध का सिलसिला..
यह पहली बार नहीं है जब मार-ए-लेगो तक कोई घुसपैठिया पहुंचा हो। पहले भी कुछ मौकों पर ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।

2018 : थैंक्सगिविंग डे के मौके पर विस्कोन्सिन का एक युवक भीड़ के बीच से होता हुआ मार-ए-लेगो तक पहुंच गया। उसे भी गिरफ्तार किया गया था।

मार्च 2019 : चीन की युजियांग झांग मार-ए-लेगो तक पहुंच गई। 33 साल की झांग ने सिक्योरिटी को चकमा दिया। इतना ही नहीं वो अपने साथ लैपटॉप, दो फोन और कुछ दूसरे इलेक्ट्रॉनिक गियर ले जाने में भी कामयाब रही। उसने खुद को ट्रम्प का फैन बताया। गिरफ्तार हुई लेकिन जांच के बाद रिहा।

दिसंबर 2019 : चीन के शंघाई की रहने वाली और टूरिस्ट वीजा पर अमेरिका आई 56 साल की जिंग ल्यू रिसॉर्ट तक पहुंच गई। उसने कुछ फोटोग्राफ भी लिए। उसे भी गिरफ्तार किया गया। जांच के बाद रिहाई हुई।

05 जनवरी 2020 : ट्रम्प परिवार दो हफ्ते की छुट्टियां मनाकर लौटा। इसके कुछ घंटे बाद एक व्यक्ति दो चेक पॉइंट क्रॉस करते हुए रिसॉर्ट के मेन गेट पर पहुंच गया। गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को ट्रम्प के हेलिकॉप्टर का क्रू मेंबर बताया। उस पर पहले से रेप का आरोप था।

31 जनवरी 2020 : कनेक्टिकट की ओपेरा सिंगर हन्ना रोएमहिल्ड पुलिस से बचने के लिए भागीं। उनकी एसयूवी ने मार-ए-लेगो के बाहर चेकपोस्ट को टक्कर मारी। पुलिस ने गोली चलाई। बाद में गिरफ्तार हुईं।

अमेरिका से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ सकते हैं...

1. ट्विटर की ट्रम्प पर सख्ती:कोरोना पर गलत जानकारी देने पर ट्रम्प कैंपेन का अकाउंट ब्लॉक, दावा किया था कि बच्चों का इम्यून सिस्टम कोविड-19 के लिए मजबूत

2. अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव:जो बिडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी ने कहा- सत्ता में आए तो भारत से रिश्ते ज्यादा मजबूत करेंगे; पार्टी के एजेंडे में इस बार पाकिस्तान की जगह चीन का जिक्र



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फोटो 7 अप्रैल 2017 की है। तब चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका दौरे पर आए थे। ट्रम्प के न्योते पर जिनपिंग पत्नी के साथ मार-ए-लेगो आए थे।

No comments:

Post a Comment