Tuesday, June 9, 2020

जनरल सुलेमानी की लोकेशन अमेरिका को बताने वाले दोषी को सजा-ए-मौत का ऐलान; जनवरी में मारे गए थे सुलेमानी June 09, 2020 at 01:01AM

ईरान ने अपने एक नागरिक को अमेरिका और इजराइल के लिए जासूसी का दोषी पाए जाने के बाद सजा-ए-मौत सुनाई। दोषी का नाम महमूद मुसावी माजिद है। माजिद पर आरोप था कि उसने देश के सबसे लोकप्रिय जनरल कासिम सुलेमानी के इराक में होने की जानकारी अमेरिका को दी थी। सुलेमानी को अमेरिका ने इराक के बगदाद एयरपोर्ट के करीब ड्रोन से मिसाइल दागकर मार गिराया था। उस वक्त सुलेमानी कार में बैठकर जा रहे थे। तब ईरान ने अमेरिका को बदला लेने की धमकी भी दी थी।

दुश्मन को हमारे जनरल की जानकारी दी
माजिद को सजा-ए-मौत सुनाए जाने की जानकारी ईरान के कानून मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन इस्माइल ने मंगलवार को दी। इस्माइल ने कहा, “माजिद कुद्स सेना प्रमुख की लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी हमारे दुश्मन अमेरिका को देता था। इसके बदले उसे अमेरिकी डॉलर मिलते थे। हमने उसे सजा-ए-मौत सुनाई है।” माना जा रहा है कि माजिद की सजा पर जल्द अमल हो सकता है।

रॉकेट हमले में हुई थी सुलेमानी की मौत
सुलेमानी ईरान की कुद्स फोर्स के प्रमुख थे। तीन जनवरी को वह सीरिया से इराक के बगदाद एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां वो एक कार में बैठे। कई और गाड़ियां भी उनके काफिले में थीं। इसी दौरान अमेरिकी एमक्यू-9 ड्रोन से दागी गई मिसाइल उनकी गाड़ी से टकराई। हमले में सुलेमानी की मौत हो गई। ईरान में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक रहा। लोग सड़कों पर उतर आए। कुद्स फोर्स मुख्य तौर पर खुफिया एजेंसी है। ईरानी सेना में इसकी अलग यूनिट है।

गहन जांच का दावा
सुलेमानी की मौत के बाद ईरान ने अमेरिका से बदला लेने की धमकी दी थी। आमतौर पर सुलेमानी की यात्राएं बेहद गुप्त होती थीं। लेकिन, उनके बगदाद में होने की जानकारी अमेरिका को मिल गई। ईरान का दावा है कि उसने सुलेमानी की मौत के मामले में गहन जांच कराई। इसमें कुछ लोगों पर शक हुआ। जांच के बाद माजिद को दोषी पाया गया। हालांकि, केस और सुनवाई की जानकारी कभी सार्वजनिक नहीं की गई। माजिद पर एक आरोप इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद की मदद करने का भी था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
तस्वीर इसी साल 5 जनवरी की है। ईरान के जनरल कासिम सुलेमानी को अमेरिका ने बगदाद में मिसाइल हमले में मार गिराया था। इसके विरोध में ईरान में कई दिन विरोध प्रदर्शन हुए थे। तीन दिन का राष्ट्रीय शोक भी रहा था। महिला के हाथ में जनरल सुलेमानी की तस्वीर है।

No comments:

Post a Comment