Saturday, June 13, 2020

सऊदी अरब में तेजी से बढ़ रहे मामले, इस साल रद्द हो सकती है हज यात्रा; दुनिया में अब तक 78.59 लाख संक्रमित June 13, 2020 at 04:45PM

दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 32 हजार 168 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, संक्रमितों का आंकड़ा 78 लाख 59 हजार 593 हो गया है। अब तक 40 लाख 35 हजार 448 लोग ठीक हो चुके हैं। सऊदी अरब से एक अहम खबर आ रही है। यहां एक लाख 23 हजार से ज्यादा मामले हो चुके हैं। मरने वालों का आंकड़ा भी 932 हो गया है। संक्रमण तेजी से फैल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सऊदी सरकार इस साल हज यात्रा पर रोक लगा सकती है।

सऊदी अरब : हज यात्रा रद्द हो सकती है
सऊदी अरब में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शनिवार रात तक यहां एक लाख 23 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। 932 लोगों की मौत हुई। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सऊदी सरकार इस साल हज यात्रा रद्द करने पर विचार कर रही है। माना जा रहा है कि इस हफ्ते आखिरी फैसला लिया जा सकता है। हर साल करीब 20 लाख मुस्लिम हज के लिए यहां आते हैं। सऊदी प्रशासन ने मार्च में ही लोगों से अपील की थी कि वो इस साल हज यात्रा की योजना न बनाएं।

बीजिंग : अलर्ट पर प्रशासन
तीन दिन में 57 नए और स्थानीय मामले सामने आने के बाद चीन की राजधानी बीजिंग में एक बार फिर सख्त प्रतिबंध लागू किए गए हैं। 3 होलसेल मार्केट पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। इनसे संबंधित 10 हजार लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं। मास्क और सैनिटाइजर का इस्तेमाल जरूरी कर दिया गया है। अफसरों ने आधिकारिक तौर पर इसे संक्रमण की दूसरी लहर तो नहीं कहा, लेकिन ये संकेत जरूर दिए कि खतरा बढ़ रहा है।

बीजिंग में संक्रमण की दूसरी लहर का खतरा मंडरा रहा है। तीन दिन में 57 लोग संक्रमित पाए गए हैं। फोटो शनिवार की है। बीजिंग की मशहूर होहाई लेक के किनारे एक बाजार में टहलते लोग।

मिस्र : फिर बढ़े मामले
24 घंटे के दौरान यहां 1677 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 62 लोगों की मौत हुई। कुल मामले 42 हजार 980 हो गए हैं। अब तक 1484 लोगों की मौत हुई है। सरकार ने शनिवार रात जारी बयान में कहा- देश के कुछ हिस्सों में नए क्लस्टर सामने आए हैं। इन पर नजर रखी जा रही है। जल्द ही सख्त प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं।

इजिप्ट के काहिरा में शनिवार को मास्क पहनकर जाते लोग। 24 घंटे के दौरान यहां 1677 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 62 लोगों की मौत हुई। अब सरकार कुछ नई बंदिशें लगाने पर विचार कर रही है। एक हफ्ते पहले ही कुछ पाबंदियां हटाई गईं थीं।

इजराइल : फिर लगेंगे प्रतिबंध
इजराइल में काफी हद तक संक्रमण पर काबू पा लिया था। पिछले हफ्ते यहां स्कूल, कारोबार, बार और होटल भी खुल गए थे। इसके बाद मामले बढ़ने लगे। अब सरकार ने कहा है कि 177 स्कूल फिर बंद किए जा सकते हैं। बीते एक हफ्त में यहां 493 स्टूडेंट्स और टीचर पॉजिटिव पाए गए हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, जुलाई का महीना संक्रमण के लिहाज से काफी अहम रह सकता है।

शुक्रवार को इजराइल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक के एक जू में मौजूद लोग। इजराइल सरकार 177 स्कूलों को फिर बंद करने पर विचार कर रही है। इन स्कूलों के 493 स्टूडेंट्स और टीचर्स संक्रमित पाए गए हैं।

ब्राजील: 42 हजार से ज्यादा मौतें
ब्राजील में संक्रमितों की संख्या 8 लाख 50 हजार 514 हो गई है। वहीं, मौतों का आंकड़ा 42 हजार 270 हो गया है। 24 घंटों 21,704 नए मामले सामने आए। इसी दौरान 892 मरीजों की मौत हो गई। संक्रमितों के लिहाज से अमेरिका के बाद ब्राजील दूसरे स्थान पर है। वहीं, मौतों के मामले में भी वो दूसरे पायदान पर है।

नेपाल: सरकार पर नाकामी का आरोप
नेपाल में सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा भड़क रहा है। कोरोनावायरस के संक्रमण को काबू में न कर पाने पर लोगों ने सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। शनिवार को पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वालों में 7 विदेशी हैं। नेपाल में अब तक संक्रमण के 5335 मामले सामने आ चुके हैं और 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

नेपाल में तीन दिन से लोग सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें ज्यादातर छात्र हैं। इनका आरोप है कि सरकार महामारी को काबू करने में नाकाम साबित हुई है। राजधानी काठमांडू में रविवार को एक बड़ी रैली निकाली जा सकती है।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सऊदी अरब के एक मेडिकल सेंटर में दवाईयों का स्टाफ चेक करता स्टाफ। यहां संक्रमण की रफ्तार तेज हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि सरकार इस साल हज यात्रा पर रोक लगा सकती है।

No comments:

Post a Comment